अरुण ठाकुर
-
गंदगी को लेकर पड़ोसी से हुआ था झगड़ा, बचाने आए बहनोई और भांजा मारपीट में घायल, पीड़ित ने थाने में दी तहरीर
मथुरा। थाना हाई वे क्षेत्र में मंडी चौराहा के पास अखबार के ऑफिस से लौटते समय एक पत्रकार पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पत्रकार, बहनोई और भांजा तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों की तरफ से इस मामले में थाने में तहरीर दी गई है। जिसके बाद पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
पत्रकार अनिल अग्रवाल एक दैनिक समाचार पत्र में कार्यरत हैं। शुक्रवार की रात को 9 बजे के करीब वह अपने ऑफिस से बहन के घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दबंग प्रकाश ने अपने दस से ज्यादा साथियों के साथ मिलकर अनिल अग्रवाल को घेर लिया और मारपीट करना शुरू कर दिया। अनिल के साथ मारपीट की जानकारी मिलते ही उनके बहनोई पवन बंसल और भांजा कुणाल दोनों मौके पर पहुंचे। दबंगों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस घटना में तीनों को चोटें आई हैं।

जानकारी के मुताबिक पत्रकार अनिल अग्रवाल का घर उनकी बहन के पास में ही हैं। पड़ोसी प्रकाश ने कुत्ता पाल रखा है। आरोप है कि अनिल की बहन के घर के बाहर प्रकाश का कुत्ता गंदगी फैलाता है। इसकी शिकायत वे प्रकाश और उसके घरवालों से कई बार कर चुके हैं। लेकिन उसके परिवार की तरफ से इसे अनुसना कर दिया जाता है।
अनिल ने भी बातचीत के इस विवाद को सुलझाने का प्रयास किया लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। शुक्रवार को भी इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। अनिल से भी उनकी नोकझोंक हो चुकी है। रात में 9 बजे के करीब भाई अनिल अपनी बहन के घर जा रहे थे। तभी रास्ते में पड़ोसी प्रकाश ने कुछ लोगों के साथ मिलकर अनिल पर हमला कर दिया। उन्हें बचाने के लिए उनके बहनोई और भांजे पहुंचे। उनके साथ भी मारपीट की गई।




