लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज राजधानी में चुनावी बिगुल फूंका। जनेश्वर मिश्र की 89वीं जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने साढ़े छह किलोमीटर साइकिल चलाई और जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंचकर इस साइकिल यात्रा का समांपन किया। इस साइकिल यात्रा की शुरुआत पार्टी मुख्यालय से हुई और 1090 चौराहे से होते हुए दयाल पैराडाइज चौराहे से होकर जनेश्वर मिश्र पार्क तक पहुंची।
साइकिल यात्रा से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भाजपा पर जमकर निशाना साधा । उन्होंने कहा इन साढ़े 4 सालों में भाजपा ने उत्तर प्रदेश की स्थिति बद से बदतर कर दी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा से इतनी त्रस्त हो चुकी है कि आने वाले चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी को 400 सीटें जिता सकती है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा आज उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है नौजवान रोजगार के लिए सड़कों पर प्रदर्शन कर रहा है भाजपा मुख्यालय पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से रोजगार की गुहार लगा रहा है लेकिन बदले में उसे लाठियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा इन सब का बदला 2022 में जनता लेगी और भारतीय जनता पार्टी को उखाड़ फेंकेगी।
400 सीटें भी जितवा सकती है जनता:अखिलेश
साइकिल यात्रा से पहले भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। बता दें कि समाजवादी पार्टी आज पूरे प्रदेश में साइकिल यात्रा निकाल रही है। जनेश्वर मिश्रा की 89 वीं जयंती पर यह आयोजन हो रहा है।समाजवादी पार्टी की तरफ से आयोजित की गई साइकिल यात्रा में अखिलेश यादव 6 किलोमीटर से अधिक साइकिल चलाएंगे। पूरे प्रदेश में ऐसे ही आयोजन किए जा रहे हैं, जिसमें पार्टी के बड़े नेता, सांसद और विधायक भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। राजधानी लखनऊ में अखिलेश यादव जनेश्वर मिश्र पार्क साइकिल चलाएंगे।
प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने सबसे पहले भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत के लोगों का इससे सम्मान काफी ऊंचा हुआ है। उन्होंने कहा कि सपा सड़कों पर है और साइकिल चल रही है। आज सभी नेता पार्टी के संस्थापक जनेश्वर मिश्र को याद कर रहे हैं। हम सब लोग उन्हों के दिखाए रास्ते पर चल रहे हैं और यूपी में खुशहाली लाना ही हमारा पहला कर्तव्य है। अखिलेश ने कोरोना में जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि दी।
संक्रमण के दौर को याद करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि मौजूदा सरकार ऐसे परिवारों की कोई मदद नहीं कर रही है। जरूरत के समय ऑक्सीजन तक यह सरकार नहीं उपलब्ध करवा पाई। जनता में इसको लेकर नाराजगी साफ साफ देखी जा सकती है। आने वाले समय में यह हो सकता है कि समाजवादी पार्टी को 400 से अधिक सीटें जीतवा दे।
भाजपा को नहीं मिलेंगे प्रत्याशी
अखिलेश ने कहा कि भाजपा के प्रत्याशी कम पड़ जाएंगे। चुनाव आते-आते भाजपा अपराधियों के करीब पहुंच गई है। भाजपा ने अभी तक अपना मेनिफेस्टो भी नहीं खोला है, इस सरकार ने साढ़े 4 साल जनता के बर्बाद कर दिये।
चुनाव आते ही जनता के करीब पहुंचने की कोशिश हो रही है। समाजवादी पार्टी के कामकाज से भारतीय जनता पार्टी अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि जनता को भाजपा वाले कंफ्यूज कर रहे हैं। विज्ञापन के बलबूते पर ही भाजपा प्रचार कर रही है, अखिलेश ने यूपी में कुपोषित बच्चों का मामला भी उठाया।